राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी

May 20, 2025 - 14:34
May 20, 2025 - 17:22
 10
राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी
Severe heat in North India including the capital, Delhi
  • गर्मी के बीच मौसम विभाग का अलर्ट
  • इन इलाकों में हो सकती है बारिश 
 
इन दिनों उत्तर भारत, खासकर दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में है। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान कर रखा है। हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में धूल भरी आंधी और बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। यही कारण है कि बीते दो दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में थोड़ी कमी देखि गई है।
 

16 मई रहा सबसे गर्म-

अब तक मई महीने में दिल्ली का सबसे ज्यादा तापमान 42.3°C रहा, जो 16 मई को रिकॉर्ड किया गया था। यह इस महीने का दूसरा सबसे कम अधिकतम तापमान है। 18 मई को सफदरजंग वेधशाला ने 41.4°C दर्ज किया, जो 17 मई से थोड़ा ज्यादा था। फिलहाल सप्ताह में तापमान के 40°C से ऊपर जाने की संभावना नहीं है और लू से भी राहत मिल सकती है।
 

स्काईमेट वेदर की भविष्यवाणी

 
स्काईमेट के अनुसार, दक्षिण हरियाणा और पूर्वोत्तर राजस्थान में निचले स्तर पर चक्रवाती प्रणाली सक्रिय है, वहीं उत्तर पंजाब और पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्रों में भी एक सिस्टम बना हुआ है। इन दोनों को जोड़ता ट्रफ दिल्ली के पास से गुजर रहा है, जो आगे दक्षिण की ओर खिसक सकता है। इससे पूर्वी दिशा से नम हवाएं दिल्ली में पहुंचेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी लेकिन उमस बढ़ सकती है। अगले कुछ दिनों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, विशेषकर शाम के समय।
 

कई राज्यों में बारिश का अलर्ट-

 
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि उत्तर भारत के अन्य हिस्सों जैसे पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और यूपी में गर्मी का प्रभाव बना रहेगा।
 
अन्य जगह जैसे मेघालय, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, असम, कर्नाटक, माहे, कोंकण, पुडुचेरी, गोवा और कोडाईकनाल में भारी बारिश की चेतावनी है। बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, तेलंगाना, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में तेज हवाओं और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान के कई क्षेत्रों में गर्मी चरम पर है, जहां पिलानी और गंगानगर में तापमान 46.2°C दर्ज किया गया है।