शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति से सम्मान पाएंगे मध्यप्रदेश के दो शिक्षक

इस वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के दो शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। ये सम्मान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर को दिल्ली में प्रदान करेंगी।

Sep 4, 2025 - 15:30
 11
शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति से सम्मान पाएंगे मध्यप्रदेश के दो शिक्षक
Two teachers from Madhya Pradesh will receive the President's award on Teachers' Day

इस वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के दो शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। ये सम्मान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर को दिल्ली में प्रदान करेंगी। चयनित शिक्षकों के नाम हैं — शीला पटेल और भेरूलाल ओसारा। शीला दमोह जिले के एक शासकीय विद्यालय में पढ़ाती हैं, जबकि भेरूलाल ओसारा आगर-मालवा जिले के एक सरकारी स्कूल में पदस्थ हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया जा रहा है।

खेल-खेल में पढ़ाने वाली शिक्षिका: शीला पटेल

शीला पटेल दमोह जिले की एक प्राथमिक शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं। वे बच्चों को सहज और रोचक तरीकों से पढ़ाने में माहिर हैं। विशेष रूप से वे FLN मिशन (बुनियादी साक्षरता और गणितीय ज्ञान) को गीतों, कहानियों और नाटकों के माध्यम से सिखाती हैं। उन्होंने छुट्टियों में भी महिलाओं के लिए कक्षाएं चलाईं और गांव की गलियों में सीखने के लिए जगहें विकसित कीं। साथ ही, उन्होंने बेहद कम लागत में शिक्षण सामग्री तैयार की, जिससे बच्चों की पढ़ाई में रुचि और आनंद दोनों बढ़े।

पर्यावरण के प्रहरी शिक्षक: भेरूलाल ओसारा

आगर-मालवा जिले के शिक्षक भेरूलाल ओसारा शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देते हैं। उन्होंने स्कूल में इको क्लब और क्लैप क्लब बनाकर बच्चों को सफाई, जल संरक्षण, पौधारोपण और प्लास्टिक मुक्ति जैसे विषयों पर जागरूक किया। इसके लिए वे नुक्कड़ नाटक, रैलियों और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन करते हैं। इसके अलावा वे विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर क्राइम और सोशल मीडिया की सुरक्षित उपयोगिता के प्रति भी जागरूक करते हैं।

145 नामों में से 2 हुए चयनित

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए प्रदेश भर के 45 जिलों से कुल 145 शिक्षकों ने आवेदन किया था। इनमें से राज्य स्तरीय चयन समिति ने छह शिक्षकों के नाम केंद्र को भेजे, जिनमें से दो का चयन हुआ।

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने दोनों शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि, "उनकी यह उपलब्धि राज्य के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।"