सतना: यूरिया की कमी से नाराज़ किसानों ने हाईवे पर किया चक्काजाम, 150 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज

मध्यप्रदेश के सतना जिले में किसानों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर नजर आया। गुरुवार को नागौद क्षेत्र में यूरिया की भारी कमी से परेशान किसानों ने नेशनल हाईवे-39 (NH-39) को जाम कर दिया।

Aug 29, 2025 - 14:53
 12
सतना: यूरिया की कमी से नाराज़ किसानों ने हाईवे पर किया चक्काजाम, 150 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज
Farmers angry with urea shortage blocked the highway

मध्यप्रदेश के सतना जिले में किसानों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर नजर आया। गुरुवार को नागौद क्षेत्र में यूरिया की भारी कमी से परेशान किसानों ने नेशनल हाईवे-39 (NH-39) को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हालात बिगड़ते देख प्रशासन और पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

यूरिया की कमी बनी चक्काजाम की वजह

जानकारी के अनुसार, नागौद स्थित मार्कफेड डबल लॉक गोदाम में किसानों की जरूरत के अनुसार यूरिया की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। लगातार हो रही खाद की किल्लत और वितरण में अव्यवस्था से परेशान किसानों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया, जो जल्द ही उग्र रूप ले गया और उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम जितेंद्र वर्मा, एसडीओपी रघु केसरी, तहसीलदार प्रज्ञा दुबे और थाना प्रभारी अशोक पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत किया और लगभग एक घंटे बाद हाईवे पर यातायात सामान्य करवा दिया गया।

दो हफ्तों में तीसरी बार हुआ प्रदर्शन

सतना और आसपास के क्षेत्रों में यूरिया संकट लगातार गहराता जा रहा है। बीते 14 दिनों में यह तीसरी बार है जब किसानों ने खाद की कमी को लेकर हाईवे पर चक्काजाम किया है। इससे पहले 13 और 14 अगस्त को भी मैहर के मनकीसर वितरण केंद्र पर अव्यवस्था के चलते किसानों ने रीवा-कटनी हाईवे को जाम कर दिया था।

150 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज

एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि सतना-पन्ना मार्ग पर करीब 150 लोगों ने सड़क को जाम किया था। इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामला खाद की किल्लत को लेकर था, लेकिन केस राज्यमार्ग को बाधित करने के कारण दर्ज किया गया है।