पुलिस भर्ती में एक बार फिर धांधली की जा रही है। भर्ती के दौरान किए गए फर्जीवाड़े पर पुलिस मुख्यालय की ओर से कार्रवाई की जा रही है। अलीराजपुर एसपी कार्यालय को 29 संदिग्धों की सूची मिली है। जिस पर पुलिस जांच कर रही है। इसमें राम रूप गुर्जर का फर्जीवाड़ा सामने आया है। जिसने अपने आधार कार्ड को परीक्षा होने से पहले और परीक्षा देने के बाद अपडेट करवाया है। आधार कार्ड अपडेट में फिंगर प्रिंट अपडेट करवाए गए हैं यानी किसी और शख्स ने उसकी जगह पर परीक्षा दी है। उसे और परीक्षा देने वाले अमरेन्द्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस भर्ती में गड़बड़ी की मिली जानकारी
पुलिस मुख्यालय को जानकारी मिली थी कि पुलिस भर्ती के दौरान फर्जीवाड़ा हुआ है। अलीराजपुर पुलिस को 29 संदिग्धों की एक सूची भी मिली। जिसमें राम रूप गुर्जर नाम के व्यक्ति का मामला सामने आया। पुलिस जांच के दौरान जानकारी मिली की राम रूप गुर्जर ने परीक्षा देने से पहले अपने आधार कार्ड में परीक्षा में बैठने वाले व्यक्ति के फिंगर प्रिंट डलवा दिए। परीक्षा होने के बाद फिर वापस से अुने आधार कार्ड में अपने फिंगर प्रिंट को अपडेट करवाया। पुलिस द्वारा राम रूप गुर्जर के साथ उसके साथी अमरेन्द्र को भी गिरफ्तार कर लिया है।
अन्य संदिग्धों की जांच जारी
पुलिस की जांच अभी रुकी नहीं है। पुलिस अब इस बात की जानकारी जुटाने में लगी है की अन्य संदिग्धों ने परीक्षा के दौरान किस तरह से गड़बड़ी की है। इसके साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि राम रूप गुर्जर ने इससे पहले भी कोई फर्जीवाड़ा किया है या नहीं।