हज: सऊदी अरब जा सकेंगे भारतीय, भारतीयों पर कोई प्रतिबंध नहीं
हज के लिए सऊदी अरब जाने वाले भारतीयों पर किसी भी तरह के प्रतिबंध की अटकलों को भारत के विदेश मंत्रालय ने साफ तौर पर खारिज कर दिया है।

सऊदी अरब द्वारा लगाए गए प्रतिबंध को विदेश मंत्रालय ने किया खारिज
हज के लिए सऊदी अरब जाने वाले भारतीयों पर किसी भी तरह के प्रतिबंध की अटकलों को भारत के विदेश मंत्रालय ने साफ तौर पर खारिज कर दिया है। जानकारी के मुताबिक सऊदी अरब ने भारत समेत कुछ देशों के लिए अस्थायी रूप से ब्लॉक वर्क वीजा को सस्पेंड कर दिया है। लेकिन विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने स्पष्ट किया कि सऊदी अरब ने ऐसी कोई अधिसूचना जारी नहीं की है।
भीड़ नियंत्रित करने के लिए अल्पकालिक वीजा पर अस्थायी रोक-
विदेश मंत्रालय के मुताबिक सऊदी सरकार ने केवल हज के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए अल्पकालिक वीजा पर कुछ अस्थायी प्रतिबंध लगाए हैं जो हज समाप्त होते ही खत्म हो जाएंगे। इस प्रतिबंध का उद्देश्य तीर्थयात्रियों की संख्या को नियंत्रित करना और व्यवस्थापन को सुचारु बनाना है।
भीड़ प्रबंधन एक बड़ी चुनौती-
इससे पहले आई खबरों के मुताबिक सुरक्षा और प्रशासनिक चुनौतियों को देखते हुए सऊदी अरब ने ब्लॉक वर्क वीजा अस्थायी रूप से निलंबित किया है जो 30 जून तक लागू रहेगा। हज के समय इमिग्रेशन और भीड़ प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बन जाता है जिसके चलते यह फैसला लिया गया।
1.75 लाख भारतीय जा रहे हज-
इस साल भारत से हज यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 1.75 लाख तय की गई है। भारत को कुल 1,75,025 हज यात्रियों का कोटा दिया गया है। इसको लेकर जनवरी 2025 में जेद्दा में भारत के संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री डॉ. तौफीक बिन फौजान अल-रबिया के बीच एक अहम समझौता हुआ था।
हज इस्लाम धर्म के पांच स्तंभों में से एक-
हज इस्लाम के पाँच प्रमुख स्तंभों में से एक है और यह मुसलमानों के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक कर्तव्य माना जाता है। इसमें विशेष धार्मिक अनुष्ठान और इबादत शामिल होती हैं। यह एक गहरा आध्यात्मिक अनुभव होता है, जिसमें श्रद्धालु अपने पापों की माफी के लिए अल्लाह से दुआ करते हैं। हालांकि इस साल बढ़ती महंगाई, भीषण गर्मी, सख्त नियमों और आर्थिक कठिनाइयों के चलते कई लोग हज यात्रा पर नहीं जा सके।