पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बागेश्वर धाम में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार हादसा हुआ है। ताजा घटना में मंगलवार सुबह एक ढाबे की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई और 11 लोग घायल हुए हैं। मृतक महिला का नाम अनीता कहार था, जो उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने सोमवार रात करीब 10 बजे बागेश्वर धाम में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से दीक्षा ली थी। इसके कुछ घंटों बाद, सुबह चार बजे दीवार गिरने से वह दब गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
अनीता देवी अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम पहुंची थीं। उनके साथ बेटी अंशिका और अन्य परिजन भी थे। दीक्षा लेने के बाद वे सभी धाम परिसर में स्थित एक धर्मशाला में रुके थे, जहां 100 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से बिस्तर मिलते हैं। वहीं रात बिताने के बाद तड़के हादसा हुआ।
इस हादसे में अनीता की भतीजी प्रिया और अन्य परिजन भी घायल हुए हैं। प्रिया ने बताया कि दीक्षा लेने के बाद सभी लोग सो गए थे, लेकिन सुबह अचानक दीवार गिर गई और कई लोग दब गए। अनीता की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बेटी अंशिका इस हादसे से बुरी तरह टूट गई है और मां की मौत पर विश्वास नहीं कर पा रही है।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। धाम में आए श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई है।