कटनी: 23 पाकिस्तानियों के कटनी में मिलने से मची खलबली, गृह मंत्रालय को भेजी गई रिपोर्ट 

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में पुलिस ने 23 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की है, जो लंबे समय से वीजा पर भारत में रह रहे थे।

Apr 30, 2025 - 13:34
 56
कटनी: 23 पाकिस्तानियों के कटनी में मिलने से मची खलबली, गृह मंत्रालय को भेजी गई रिपोर्ट 
23 Pakistanis found in Katni creates stir report sent to Home Ministry

 
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में पुलिस ने 23 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की है, जो लंबे समय से वीजा पर भारत में रह रहे थे। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय के निर्देश पर की गई। इनमें अधिकांश हिंदू शरणार्थी हैं, जबकि एक महिला मुस्लिम है। पुलिस ने इन सभी की जानकारी गृह मंत्रालय को भेज दी है।

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद गृह मंत्रालय ने पाकिस्तान से आए लोगों की जानकारी तलब की थी। इसके बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और महज 24 घंटे के भीतर 23 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर ली गई।

पुलिस के मुताबिक, कटनी में रहने वाले ये 23 पाकिस्तानी नागरिक बीते 30 से 35 सालों से यहां रह रहे हैं। इनमें अधिकतर हिंदू शरणार्थी हैं, जिन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन कर रखा है। इनके अलावा एक मुस्लिम महिला भी है, जो पहले कैमोर में रहती थी। उसकी पहली शादी पाकिस्तान में हुई थी, जिसके बाद वह कटनी आई। बाद में उसने अनूपपुर में दूसरी शादी की और अब वहीं निवास कर रही है।

कटनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि इन सभी को लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत में रहने की अनुमति मिली हुई है। पुलिस विभाग ने गृह मंत्रालय से इनकी जानकारी मांगी थी और संबंधित दस्तावेज उच्च अधिकारियों को भेज दिए गए हैं। कटनी पुलिस मामले के हर पहलू पर नजर बनाए हुए है।