मेघालय की राजधानी शिलांग में हनीमून मनाने गए इंदौर के नवदंपत्ति राजा रघुवंशी की लाश उनके लापता होने से 11 दिन बाद खराब स्थिति में मिली, लेकिन उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। परिवार अब तक इस बात को जानने की कोशिश में लगा है कि आखिर सोनम के साथ क्या हुआ। सोनम कहां है और किस हाल में है। वहीं यह भी बात सामने आ रही है कि क्या सोनम को किसी ने बंधक बनाकर रखा है। यदि सोनम सुरक्षित होती तो परिवार के साथ संपर्क करती। परिवार का बुरा हाल है। पुलिस भी लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
राजा की लाश पूरी तरह से सड़ चुकी थी, उसके हाथ में उसके नाम के टैटू और उसकी कलाई में बंधी स्मार्ट वॉच से उसकी पहचान की गई है। खाई के पास से नारियल काटने वाला हथियार दाओ भी बरामद किया गया। राजा के शरीर में कई जख्म भी मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी यह साबित हो चुका है कि राजा की हत्या जिस हथियार से की गई है वह नारियल काटने वाला दाओ ही था।
आखिर सोनम कहां है?
इस पूरी घटना के बारे में सिर्फ सोनम रघुवंशी ही बता सकती हैं कि उस दिन उनके साथ क्या हुआ था। राजा की लाश के पास से एक महिला की सफेद शर्त भी मिली है। क्या वो शर्ट सोनम की है। सोनम जिंदा है या उसे भी मार दिया गया है। ये गुत्थी अभी तक सुलझ नहीं पाई है। पुलिस के पास भी इसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। इस बात पर भी जोर दिया जा रहा है कि सोनम और राजा के साथ उस दिन कौन सा लोकल गाइड था।
राजा नहीं जाना चाहते थे शिलांग
11मई को अरेंज मैरिज करने वाले सोनम और राजा शिलांग नहीं जाना चाहते थे। उनका काश्मीर जाने का प्लान था, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद उन्होंने नॉर्थ-इस्ट की तरह जाने का अचानक से प्लान कर लिया। 20 मई को इंदौर से गुवाहाटी पहुंचे। कामख्या मंदिर में दर्शन के बाद किसी से शिलांग की तारीफ सुनी और शिलांग के सोहरा पहुंच गए। नोंगरियत गांव के एक होमस्टे में रुके। यह गांव वेइसाडोंग झरने से 20 किलोमीटर दूर है। जहां पर राजा का शव मिला था।
एकादशी का व्रत रखा था सोनम ने
23 मई को लापता होने से पहले सोनम रघुवंशी ने अपनी सास उमा से फोन पर बात की थी। सामने आए ऑडियो में सोनम कहती है कि वह घूमने आई हैं, फिर भी ग्यारस का व्रत रखेंगी। ये ऑडियो भी सामने आया है। जिसमें सोनम ने अपनी सास से कहा था कि घूमने आई हूं फिर भी मैं ग्यारस का व्रत रखूंगी। कॉफी पी थी सुबह अच्छी नहीं थी। तभी सास ने कहा था सोनम से कि क्या देखने को जा रहे हो। सोनम ने कहा था कि बहुत बड़ी खाई है उसे देखने के लिए ही चढ़ाई चढ़ रहे हैं। यह फोन कॉल आखिरी था। इसके बाद उनसे किसी का भी कोई संपर्क नहीं हो पाया।
राजा के भाई विपिन ने बताया कि जब 24 मई को दोनों के फोन बंद मिला। तब राजा के भाई सचिन और विपिन शिलांग के लिए निकल गए। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। जांच पड़ताल के बाद एक्टिवा भी पहाड़ी इलाके में लावारिस हालत में मिली थी, जो एक खड्ड के पास स्थित है। घटना की जानकारी मिलने के बाद इंदौर के सांसद शंकर लालवानी भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलने शिलांग पहुंचे।
लूट की भी आशंका
11दिनों बाद मिले राजा के शव से मामला और भी सस्पेंस से भर गया है। शव पूरी तरह से गल गया था। पुलिस के अनुसार झरने के पास खाई से पुलिस को शव के पास एक दाओ के अलावा मोबाइल फोन की टूटी स्क्रीन, पेंट्रा 40 टैबलेट की एक स्ट्रिप और राजा की स्मार्टवॉच भी मिली। राजा के भाई विपिन ने सोनम के अपहरण की आशंका जताई है। वहीं यह भी कहा कि राजा हीरे का ब्रेसलेट पहना था। उसका पर्स भी नहीं मिला है। परिवार वालों ने इसमें लूट की भी आशंका जताई है। ईस्ट खासी हिल्स के एसपी विवेक सीएम इस बात से सहमत नहीं है। उन्होंने कहा कि एक स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम इस मामले की जांच कर रही है।