मिस वर्ल्ड 2025: भारतीय संस्कृति की अनोखी झलक बनीं नंदिनी गुप्ता, 110 देशों की प्रतिभागियों को पीछे छोड़ा 

मिस वर्ल्ड 2025 प्रतियोगिता का आयोजन इस बार भारत में हो रहा है, और 10 मई को हैदराबाद में इसके 72वें संस्करण की भव्य शुरुआत हुई।

May 12, 2025 - 13:44
 11
मिस वर्ल्ड 2025: भारतीय संस्कृति की अनोखी झलक बनीं नंदिनी गुप्ता, 110 देशों की प्रतिभागियों को पीछे छोड़ा 
Nandini Gupta became a unique reflection of Indian culture

मिस वर्ल्ड 2025 प्रतियोगिता का आयोजन इस बार भारत में हो रहा है, और 10 मई को हैदराबाद में इसके 72वें संस्करण की भव्य शुरुआत हुई। इस खास मौके पर राजस्थान के कोटा की नंदिनी गुप्ता ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पहले ही दिन कॉस्ट्यूम राउंड में सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा और अपनी प्रस्तुति से सबका दिल जीत लिया।

फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2023 रह चुकीं नंदिनी ने नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में एक ऐसा पारंपरिक परिधान पहना, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। तिरंगा हाथ में लिए जब वे मंच पर उतरीं, तो दर्शकों की नजरें बस उन्हीं पर टिक गईं। उनके पहनावे के हर पहलू को बारीकी से भारतीय परंपराओं के अनुरूप डिजाइन किया गया था।

नंदिनी ने डिजाइनर गौरांग शाह का एक खूबसूरत लहंगा-चोली पहन रखा था, जिसमें आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र की जामदानी बुनाई की अनूठी मेलजोल देखने को मिली। यह परिधान चरखे से काते खादी धागों से बनाया गया था, जिस पर सुनहरी जरी से जामदानी लहरिया बुनाई की गई थी। इस पारंपरिक परिधान में नंदिनी का दक्षिण भारतीय सौंदर्य विशेष रूप से उभर कर सामने आया।

उनके सफेद लहंगे का प्लेन बेस और बॉर्डर पर ब्लाउज से मेल खाता डिज़ाइन उसे खास बना रहा था। सिंपल नेकलाइन, हाफ स्लीव्स वाला ब्लाउज और प्लीटेड दुपट्टा — सबकुछ मिलकर एक बेहद आकर्षक लुक पेश कर रहे थे। दुपट्टे पर उकेरा गया ‘बांगड़ी मोर’ डिज़ाइन, जिसमें एक चूड़ी के भीतर चार मोर नाचते दिखते हैं, भारतीय हस्तशिल्प की खूबसूरती को बखूबी दर्शाता है।

नंदिनी के आभूषणों ने उनके पारंपरिक रूप को और भी रॉयल बना दिया। उन्होंने किशंदास ज्वेलरी के पारंपरिक गहनों से खुद को सजाया था। सूर्य और चंद्रमा की आकृतियों वाले गहने शुभता और ऊर्जा के प्रतीक माने जाते हैं और उनका यह चयन भी गहराई से भारतीय संस्कृति से जुड़ा था। मोती, रूबी और हीरे से सजा दो लेयर वाला मोर डिज़ाइन हार उनके लुक का आकर्षण बन गया।

इसके साथ ही, नंदिनी ने जो रंग-बिरंगी चूड़ियां, कड़े, नक्काशीदार अंगूठियां, पारंपरिक वांकी और खूबसूरत कमरबंद पहने थे, उन्होंने उनके लुक को संपूर्ण बना दिया। माथे की बिंदी, नथ, मांग टीका और छोटा-सा चोकर सेट उनके पारंपरिक सौंदर्य में चार चांद लगा रहे थे।

अंत में, उनके हेयरस्टाइल ने लुक को पूरी तरह कम्प्लीट किया। बीच से मांग निकालकर बनाई गई चोटी और उसमें लगा गजरा पारंपरिक सौंदर्य का प्रतीक लगा। ग्लॉसी लिप्स और सटल मेकअप ने उनके चेहरे को निखार दिया, वहीं लाल बिंदी ने उनके लुक में एक खास चमक भर दी। इस तरह नंदिनी का फैशनेबल yet पारंपरिक अवतार न केवल सबसे अलग नजर आया, बल्कि भारतीय संस्कृति का गौरवमयी परिचय भी बन गया।