खरगोन में बीजेपी कार्यकारिणी सूची में मृतक का नाम, बाद में हुई सुधार
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के आभापुरी मंडल (झिरन्या) में भाजपा की 85 सदस्यीय कार्यकारिणी की सूची जारी की गई। सूची में 35वें स्थान पर एक मृतक व्यक्ति, किशन लाल राठौर का नाम देखकर लोग हैरान रह गए। किशन लाल का निधन जुलाई 2025 में हो चुका था।
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के आभापुरी मंडल (झिरन्या) में भाजपा की 85 सदस्यीय कार्यकारिणी की सूची जारी की गई। इसमें पदाधिकारियों और सदस्यों के नाम शामिल थे। सूची पर भाजपा जिला अध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे और मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह गौड़ के हस्ताक्षर थे।
हालांकि सूची में 35वें स्थान पर एक मृतक व्यक्ति, किशन लाल राठौर का नाम देखकर लोग हैरान रह गए। किशन लाल का निधन जुलाई 2025 में हो चुका था। यह गलती सामने आने के बाद सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिस पर लोगों ने कटाक्ष भी किए कि अब मृतकों के नाम सिर्फ सरकारी दस्तावेज़ों तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि राजनीतिक कार्यकारिणी में भी आ गए हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह गौड़ ने गलती स्वीकार करते हुए बताया कि किशन लाल राठौर भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता थे। दरअसल, उनकी जगह उनके पुत्र अखिलेश राठौर का नाम शामिल होना था, लेकिन टाइपो की वजह से पुराने नाम को ही सूची में डाल दिया गया। इस गलती को अब सुधार लिया गया है और संशोधित सूची में अखिलेश राठौर को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ असंतुष्ट लोगों ने जानबूझकर त्रुटिपूर्ण सूची को वायरल किया, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकारिणी में सभी समाजों के कर्मठ कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है।