बंटोगे तो कटोगे: ये बातें समसामयिक और सत्य
जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने मंगलवार को जयपुर में एक महत्वपूर्ण बयान दिया। महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों में बीजेपी द्वारा उछाले गए बंटोगे तो कटोगे नारे पर उन्होंने कहा कि ये बातें समसामयिक और सत्य हैं।
 
                                    जगतगुरू रामभद्राचार्य ने जयपुर में दिया बड़ा बयान
जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने मंगलवार को जयपुर में एक महत्वपूर्ण बयान दिया। महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों में बीजेपी द्वारा उछाले गए बंटोगे तो कटोगे नारे पर उन्होंने कहा कि ये बातें समसामयिक और सत्य हैं। उनका कहना था कि हमें आपस में बंटने की आवश्यकता नहीं है। चाहे पंथों में भिन्नताएं हों, हम सभी हिंदू एक हैं। जब हम सब एकजुट होकर रहेंगे, तो कोई भी हमें नुकसान नहीं पहुंचा सकता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे एक अकेली अंगुली को तोड़ना आसान होता है, लेकिन जब कई अंगुलियां मिलकर मुक्का बन जाती हैं, तो उसे तोड़ने वाले के दांत टूट जाते हैं।
गौरतलब है कि पिछले चार दिनों में रामभद्राचार्य ने पीओके, पाकिस्तान और कश्मीर के मुद्दे पर लगातार बयान दिए हैं। दो दिन पहले जयपुर में श्रीराम कथा के दौरान उन्होंने कश्मीर में धारा-370 और पाकिस्तान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब धारा-370 की बात करना बंद कर दो, क्योंकि बहुत जल्दी पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भी हमारे नियंत्रण में होगा। उनके अनुसार, वह दिन ज्यादा दूर नहीं जब पाकिस्तान का नाम विश्व के नक्शे से मिट जाएगा।
कश्मीर हमारा है...
रामभद्राचार्य ने कहा, कश्मीर हमारा है। हमारे देश का अभिन्न अंग है। इसे देश से कोई अलग नहीं कर सकता। कश्मीर भारत का सिरमौर है। भारत माता आप चिंता मत करिए। जब तक जगदगुरु रामभद्राचार्य का यह त्रिदंड रहेगा। भारत की ओर कुदृष्टि रखने वालों की आंख निकाल कर रख दी जाएगी। उन्होंने कहा, भगवान राम ने देश को एक करने का काम किया था।
देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का नाम लिए बिना रामभद्राचार्य ने कहा, हमारे देश का दुर्भाग्य देखिए कि पहले प्रधानमंत्री ने देश को बांटने का काम कर दिया। जो कश्मीर हमारे भारत का मुकुट मणि है। ऋषि कश्यप की जन्मस्थली है। इस कश्मीर में भगवान शिव अमरनाथ के रूप में विराजित हैं। माता वैष्णो का जहां धाम है। उस कश्मीर को आधा कर दिया। कश्मीर का आधा हिस्सा पाकिस्तान को दे दिया, जो बचा उसमें धारा-370 लगवा दी।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            