हाईटेक सिटी बेंगलुरु हुई पानी-पानी 

हाईटेक सिटी के रूप में जानी जाने वाली बेंगलुरु भारी बारिश के चलते बुरी तरह बेहाल है।

May 19, 2025 - 14:32
 11
हाईटेक सिटी बेंगलुरु हुई पानी-पानी 
Hi-tech city Bengaluru is flooded with water

23 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट 

हाईटेक सिटी के रूप में जानी जाने वाली बेंगलुरु भारी बारिश के चलते बुरी तरह बेहाल है। सोमवार सुबह जब लोग अपने घरों से बाहर निकले, तो सड़कों पर पानी भरा हुआ मिला। बीते 48 घंटों से शहर में लगातार तेज बारिश हो रही है। कुछ लोगों का मानना है कि यह साल की सबसे भरी बारिश हो सकती है। इस स्थिति को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने बेंगलुरु समेत कर्नाटक के 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

केंगेरी में सबसे अधिक बारिश-

कर्नाटक राज्य आपदा निगरानी सेल के अनुसार, केंगेरी में सबसे अधिक 132 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि उत्तरी बेंगलुरु के वडेराहल्ली में 131.5 मिमी वर्षा हुई। शहर के कई अन्य हिस्सों में भी रातभर में 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के चलते जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे कई जगहों पर पेड़ों की शाखाएं गिर गईं और वाहन खराब हो गए। ट्रैफिक की समस्याओं के लिए प्रसिद्ध इस शहर को भारी जाम की स्थिति का भी सामना करना पड़ा।

नम्मा कर्नाटका वेदर ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा, ‘पिछली रात की बारिश इस साल की सबसे भारी बारिश रही है।’ वहीं कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने भी जलभराव वाली सड़कों के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं है, जिससे शहर में हालात की गंभीरता साफ पता चलती है.