जबलपुर जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: मनीष मिश्रा बने अध्यक्ष
जिला अधिवक्ता संघ की नवीन कार्यकारिणी के हुए चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनीष मिश्रा ने शानदार जीत हासिल की।
 
                                    पूर्व अध्यक्ष आरके सिंह सैनी की हार, उपाध्यक्ष-सचिव पद के मतों की गिनती आज-
जिला अधिवक्ता संघ की नवीन कार्यकारिणी के हुए चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनीष मिश्रा ने शानदार जीत हासिल की। मनीष मिश्रा ने मतगणना के पहले ही राउंड से बढ़त बनाना शुरु कर दी थी, जिसके बाद प्रतिद्वंदियों को पीछे छोड़ते हुए 955 मत हासिल की शानदार जीत दर्ज कराई
उल्लेखनीय है कि जिला अधिवक्ता संघ 2024-26 की नई कार्यकारिणी के लिये 18 मार्च को मतदान हुआ था। जिसमें अध्यक्ष पद के चार उम्मीदवार मैदान में थे। जिसमें आरके सिंह सैनी, मनीष मिश्रा, नरेन्द्र जैन व राजेश उपाध्याय के बीच मुकाबला था। आज मंगलवार को सर्व प्रथम अध्यक्ष पद के मतों की गिनती दोपहर बाद प्रारंभ हुई। करीब दो बजे मतों के मिलान के बाद पहले राउंड की गिनती से ही मनीष मिश्रा ने बढ़त बनानी शुरु कर दी है। पहले राउंड में मनीष मिश्रा ने 52 मत हासिल कर अपने प्रतिद्धंदियों को सोच में डाल दिया था। इसके बाद चौबीसे राउंड तक मनीष ने बढ़त बनाते 955 मत हासिल की अपनी जीत दर्ज करायी। 20 वें राउंड के बाद से ही मनीष मिश्रा के समर्थकों ने मिष्ठान बांटना शुरु कर दिया था और ढोल ढमाकों के साथ बधाई का दौर शुरु हो गया था। चौबीसे राउंड की मतगणना के बाद लोगों ने पुष्पमाला पहनाकर अपने नये अध्यक्ष का स्वागत किया।
दो बजे शुरू हुई मतगणना-
मंगलवार को मतगणना दोपहर बाद प्रारंभ हुई। सर्वप्रथम मतपेटियों को सर्वसहमति लेकर खोला गया और मतों का मिलान किया गया। इसके बाद उनकी गिनती प्रारंभ हुई। 24 वें राउंड की गिनती में पहले ही राउंड से मनीष मिश्रा ने बढ़त बनानी शुरु कर दी और अंतिम राउंड तक वह सबसे आगे ही रहे।
955 मत पाकर की जीत हासिल-
अध्यक्ष पद के लिये कुल करीब 2460 मत प्राप्त हुए थे। जिनमें से चार से पांच मत निरस्त कर दिये गये। इसके बाद के मतों में मनीष मिश्रा को 955 मत तो उनके निकटत्तम प्रतिद्धंदी आरके सिंह सैनी को 732 मत प्राप्त हुए। वहीं 606 मतों के साथ नरेन्द्र जैन तीसरे स्थान पर रहे। राजेश उपाध्याय को कुल 163 मत ही प्राप्त हो सके।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            