उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का जबलपुर में भव्य स्वागत
देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का आज जबलपुर आगमन हुआ। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से सुबह 11 बजे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सपत्नीक जबलपुर पहुंचें।

जबलपुर। देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का आज जबलपुर आगमन हुआ। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से सुबह 11 बजे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सपत्नीक जबलपुर पहुंचें। इस अवसर पर शहर के डुमना विमानतल पर उनका भव्य स्वागत करते हुए गर्मजोशी से अगवानी की गई।
प्रदेश सरकार के द्वारा मिनिस्टर इन वेटिंग बनाए गए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, जबलपुर के सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और अन्य विधायकों के अलावा भारतीय जनता पार्टी संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और गणमान्य जनों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। स्वागत और मेल मुलाकात के दौरान देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हर किसी से चर्चा की और उन्हें भरपूर समय दिया। पूरे अपनेपन के साथ वे अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों और पार्टी जनों से मिलते नजर आए।
नरसिंहपुर में किया कृषि उद्योग समागम का शुभारंभ
जबलपुर के डुमना विमानतल पर कुछ देर रूकने के बाद देश के उपराष्ट्रपति हेलीकॉप्टर पर सवार होकर नरसिंहपुर पहुंचे। जहां उन्होंने कृषि उद्योग समागम का शुभारंभ किया। प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कृषि उद्योग समागम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि किसान भारत की रीड की हड्डी हैं और किसान की जितनी पूजा की जाए उतनी कम है।
किसान देश के भाग्य विधाता हैं और किसान सामाजिक, आर्थिक और समरसता के प्रतीक हैं। किसानों को उद्योगों से जोड़ने की पहल का स्वागत करते हुए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की जमकर सराहना की, उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव हमेशा किसानों की चिंता करते रहते हैं और उनके नेतृत्व में मध्य प्रदेश सबसे बड़ी छलांग लगाएगा, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कृषि को उद्योगों से जोड़ने की पहल को दूरदर्शी सोच का परिणाम करार दिया।