400 किमी गाड़ी दौड़ा कर रात डेढ़ बजे प्रेमिका के घर में घुसे एसडीओ
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में मंडला वन विभाग के एसडीओ को महिला कर्मचारी से रात के समय मिलना भारी पड़ गया। वो देर रात डेढ़ बजे महिला कर्मचारी के घर मिलने पहुंचे।
- पति ने देखा तो बाहर से लगाया ताला,
- सुबह पुलिस टीम दोनों को ले गई थाने,
- पूछताछ कर छोड़ा
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में मंडला वन विभाग के एसडीओ को महिला कर्मचारी से रात के समय मिलना भारी पड़ गया। वो देर रात डेढ़ बजे महिला कर्मचारी के घर मिलने पहुंचे। लेकिन जैसे ही वो घर में दाखिल हुए महिला के पति ने बाहर से ताला लगा दिया। पूरी रात एसडीओ और महिला कर्मचारी को इसकी भनक नहीं लगी। अगली सुबह जब एसडीओ घर से जाने लगे तो पाया कि बाहर से दरवाजा बंद है। दोनों दरवाजा खटखटाने लगे, जैसे ही दरवाजा खुला, सामने पुलिस खड़ी थी।
पुलिस के साथ महिला कर्मचारी का पति भी खड़ा था। उसने कहा- साहब इन दोनों के बीच अफेयर है। मुझे इन दोनों पर पहले से ही शक था, इसलिए मैंने दोनों को रंगेहाथ पकड़ने के लिए इंतजार किया। फिर मैंने शुक्रवार को पत्नी के फोन पर एसडीओ का मैसेज देखा कि वो उससे मिलने आ रहे हैं। फिर जैसे ही वो घर में आए तो मैंने बाहर से ताला लगा दिया।
सरकारी काम से मिलने आया:एसडीओ
इस पर एसडीओ ने कहा कि सरकारी काम से यहां महिला कर्मचारी से मिलने आया था. लेकिन रात को डेढ़ बजे ही वो महिला कर्मचारी से मिलने क्यों आए, इसका जवाब न दे पाए। पुलिस फिर दोनों को थाने ले गई। लगभग एक घंटे की पूछताछ के बाद बयान दर्ज कर दोनों को छोड़ दिया गया।
पति ने लगाए गंभीर आरोप
एसडीओ और पत्नी को घर में बंद करने वाले पति ने पुलिस थाने पहुंचकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पति का कहना है कि उसकी पत्नी वन विभाग में पदस्थ है और उसे पति की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। इसके बाद 2014 में उसकी दूसरी शादी मेरे साथ हुई। आरोपी एसडीओ की पोस्टिंग भी पहले टीकमगढ़ में ही थी। यहीं पर पोस्टिंग के दौरान दोनों की जान पहचान हुई थी। इसके बाद से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे। उसे इस बात का पता तब चला जब पत्नी का व्यवहार उसके प्रति बदल गया और शक होने पर जब उसने पत्नी का मोबाइल चेक किया तो चैटिंग ने सब उजागर कर दिया।
महिला कर्मचारी ने दी सफाई
वहीं इस पूरे मामले में महिला कर्मचारी ने बताया कि उसकी विभागीय जांच चल रही है। 4 फरवरी को उसकी पेशी है, अपना जवाब बनवाने के लिए अधिकारी को बुलाया था। उसका कहना था कि काम के कारण वह लेट हो गए थे तो रात को पहुंचे थे। वहीं उसके पति ने उसे बदनाम करने के लिए यह सब किया है।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                         
                         
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            