तीखे हुए सूर्यदेव के तेवर, जबलपुर में बदलेगी स्कूलों की टाइमिंग, आदेश जारी
गर्मी के इस मौसम में दिनों दिन सूर्यदेव के तेवर तीखे होते जा रहे हैं जिसके चलते प्रशासन को भी अब स्कूलों के समय में बदलाव के लिए आदेश जारी करना पड़ा।
 
                                    गर्मी के इस मौसम में दिनों दिन सूर्यदेव के तेवर तीखे होते जा रहे हैं जिसके चलते प्रशासन को भी अब स्कूलों के समय में बदलाव के लिए आदेश जारी करना पड़ा। दरअसल प्रदेश शासन के द्वारा पूर्व में ही सभी जिलों के कलेक्टरों को इस बात के अधिकार दिए गए थे कि अधिकतम तापमान 42 डिग्री से ज्यादा होने की स्थिति में स्कूलों के लगने और छुटने के समय का निर्धारण स्थानीय स्तर पर किया जा सकेगा। शासन के इन्हीं निर्देशों को ध्यान में रखते हुए जबलपुर में तेजी से हो रही तापमान में बढ़ोतरी के चलते कलेक्टर दीपक सक्सेना ने स्कूलों के लगने और छूटने के समय को लेकर नए आदेश जारी किए हैं। जबलपुर कलेक्टर ने जिले में संचालित सभी शासकीय/शासकीय/ सीबीएसई/ आईसीएसई और नवोदय विद्यालयों के समय में बदलाव करते हुए प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक स्कूलों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और 30 अप्रैल 2025 तक प्रभावशील रहेगा।
कई जिलों में हो चुका है समय में बदलाव -
अप्रैल माह के शुरुआती दौर में ही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेश के कई ज़िलों में पहले से ही स्कूलों के समय में बदलाव किया जा चुका है। हाल ही में भोपाल कलेक्टर ने भी स्कूलों के समय का निर्धारण करते हुए इसके आदेश जारी कर दिए थे। भीषण गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के अन्य जिलों के साथ अब जबलपुर में भी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            