हाथरस में मची भगदड़? जानिए...प्रत्यक्षदर्शी ने क्या कहा...
हाथरस के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में अचानक भगदड़ मच गई, जिसकी वजह से कई लोगों के मरने की खबर आ रही है।
 
                                
द त्रिकाल डेस्क, उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में मंगलवार शाम एक सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 116 लोगों की जान चली गई है। इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों व घायलों के मुआवजे का भी ऐलान किया है। वहीं, लोकसभा सत्र के दौरान पीएम मोदी ने भी मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
116 लोगों की हुई मौत-
जानकारी के मुताबिक इस घटना में अब तक 116 लोगों के मारे जाने की खबर है। जानकारी के मुताबिक, यहां करीबन 40 हजार लोग इकट्ठा थे। एटा अस्पताल में चारों ओर लाशें ही लाशें दिख रही हैं। इस घटना को लेकर एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, "सत्संग के बाद सबको निकलने की जल्दी हो रही थी। रास्ता चौड़ा नहीं था। अचानक हमें पीछे से धक्का लगा और भगदड़ मच गई" हाथरस भगदड़ कांड की प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बहुत लोग घायल हैं। हम सत्संग में गए थे, सत्संग खत्म हो गया और अचानक भगदड़ मच गई, रास्ता जाम हो गया, निकलने के लिए जगह नहीं थी।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            