खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं भाजपा के सीनियर नेता, पाटन के विधायक अजय विश्नोई का फिर छलका दर्द, नागर के बयान पर दी प्रतिक्रिया
मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री और जबलपुर जिले की पाटन विधानसभा सीट से विधायक अजय विश्नोई एक बार फिर अपनी ही पार्टी पर बरस पड़े।
 
                                    द त्रिकाल डेस्क, जबलपुर।
मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री और जबलपुर जिले की पाटन विधानसभा सीट से विधायक अजय विश्नोई एक बार फिर अपनी ही पार्टी पर बरस पड़े। मंत्री पद छीने के बाद नागर सिंह चौहान द्वारा भाजपा से इस्तीफा दिए जाने के बयान पर अजय विश्नोई ने कहा कि कांग्रेस से भाजपा में आने वाले सौभाग्यशाली हैं, जबकि भाजपा के वरिष्ठतम नेता खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा दुर्भाग्य है कि हम किसी और पार्टी से भाजपा में नहीं आए। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान विभाग छीने जाने को लेकर कुछ इस कदर नाराज हुए कि उन्होंने पार्टी छोड़ने और अपनी सांसद पत्नी को भी त्यागपत्र देने के लिए कह रहे हैं। विधायक विश्नोई अपनी पार्टी की कार्यशैली से क्षुब्ध नजर आए।
टिप्पणी करने शब्द नहीं-
विधायक अजय विश्नोई ने कहा कि मंत्री नागर सिंह चौहान का विभाग उनसे क्यों लिया गया,इसका जवाब मुख्यमंत्री और मंत्री जानते होंगे। इस बारे में मेरा टिप्पणी करना उचित नहीं है और मेरे पास इसके लिए शब्द भी नहीं है। विधायक अजय विश्नोई ने कहा कि ये उनका सौभाग्य है कि वे कांग्रेस से निकलकर भाजपा ज्वाइन करें और मंत्री बनेें। दुर्भाग्य तो तो भाजपा नेताओं का है, जिनकी कोई सुनवाई पार्टी में नहीं है। उन्होंने कहा कि जब कभी कुछ लगता है कि ये सच है तो अपनी बात जनता और संगठन के सामने रख देता हूं।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            