मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी
मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया के एक विमान को बीच रास्ते से ही वापिस मुंबई लौटना पड़ा। विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के चलते पायलट को अपना रास्ता बदलना पड़ा।
 
                                    मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया के एक विमान को बीच रास्ते से ही वापिस मुंबई लौटना पड़ा। विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के चलते पायलट को अपना रास्ता बदलना पड़ा। जब एयर इंडिया का बोइंग 350 विमान अजरबैजान के ऊपर से उड़ रहा था, तब विमान के क्रू मेंबर्स को यह धमकी मिली। विमान के मुंबई वापस लौटने के बाद बम का पता लगाने की प्रतिक्रिया शुरू की गई। हालांकि अब तक जांच में कुछ सामने नहीं आया है। सूत्रों की मानें तो यह महज एक झूठी धमकी थी।
विमान में मौजूद थे 303 यात्री और 19 क्रू मेंबर्स-
इस विमान में कुल 303 यात्री और 19 क्रू मेंबर्स मौजूद थे। विमान ने रात 2 बजे मुंबई से उड़ान भरी और सुबह 10.25 पर वापस लौट आया। AI-119 को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी एयरपोर्ट तक यात्रा पूरी करने में करीब 15 घंटे लगते हैं। एयर इंडिया ने बताया है कि विमान अब कल सुबह 5 बजे उड़ान भरेगा। इसके अलावा, एयर इंडिया ने यह भी कहा कि यात्रियों को आराम करने के लिए स्थान, भोजन और अन्य सहायता उपलब्ध कराई गई है।
क्या बोला एयर इंडिया-
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है, 'आज 10 मार्च 2025 को मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाले AI-119 पर संभावित सुरक्षा खतरे का पता चला। प्रोटोकॉल के तहत विमान में सवार सभी लोगों की सुरक्षा के हित में विमान को वापस मुंबई बुलाया गया। विमान 10.25 बजे सुरक्षित रूप से मुंबई में उतरा। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं। एयर इंडिया के अधिकारी अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। विमान अब 11 मार्च 2025 को सुबह 5 बजे रवाना होगी, तब तक सभी यात्रियों को होटल में रहने, भोजन और अन्य सहायता की पेशकश की गई है।'
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            