पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को बताया गद्दार, पोस्टर लगाने से फिर राजनीतिक हलचल हुई तेज
शहर के सबसे व्यस्त चौराहे पर लगे एक पोस्टर ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। इस पोस्टर में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को 'गद्दार' बताया गया है, जिससे विवाद खड़ा हो गया है।

शहर के सबसे व्यस्त चौराहे पर लगे एक पोस्टर ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। इस पोस्टर में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को 'गद्दार' बताया गया है, जिससे विवाद खड़ा हो गया है। इसे लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति में गर्मी आ गई है। कांग्रेस ने इस पोस्टर को लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और इसके विरोध में प्रदर्शन की तैयारी कर रही है।
दरअसल, पोस्टर के निचले हिस्से में 'भारतीय जनता युवा मोर्चा' लिखा गया है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इसे भाजयुमो की ओर से लगाया गया है। पोस्टर में वक्फ बिल का विरोध करने को लेकर दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा गया है और उन्हें देश, पूर्वजों और धर्म का गद्दार बताया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ यह सभी बातें पोस्टर पर दर्ज हैं।
शहर में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात दो बत्ती चौराहे पर यह पोस्टर लगाया गया, जिसे देखकर पुलिस भी सतर्क हो गई। पुलिस ने भाजयुमो के नेताओं से बातचीत कर पोस्टर हटाने की सलाह दी है। गौरतलब है कि वक्फ संशोधन बिल दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) से पारित हो चुका है और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह नया कानून पूरे देश में लागू हो गया है। कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल इस कानून का विरोध कर रहे हैं। इसी संदर्भ में रतलाम में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ पोस्टर लगाकर सियासी माहौल को और अधिक गरमा दिया है।
पोस्टर लगाने की जिम्मेदारी भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विप्लव जैन ने स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि वक्फ संशोधन बिल लोकसभा और राज्यसभा से पारित होकर अब देशभर में नया कानून बन चुका है, लेकिन कांग्रेस नेता इस मुद्दे पर भी राजनीति कर रहे हैं। इसी वजह से हमने ये पोस्टर लगाए हैं।