दमोह- पूर्व बीजेपी विधायक सोना बाई के पति ने मांगा गुजारा भत्ता, पत्नी पर लगाए संगीन आरोप 

मध्यप्रदेश के दमोह जिले के पथरिया से बीजेपी की पूर्व विधायक रहीं सोना बाई के पति का दर्द इस तरह छलका की अब वे दो वक्त की रोटी के लिए मोहताज हो गए।

Jul 7, 2025 - 15:49
 17
दमोह- पूर्व बीजेपी विधायक सोना बाई के पति ने मांगा गुजारा भत्ता, पत्नी पर लगाए संगीन आरोप 
Former BJP MLA Sona Bai's husband demands alimony accuses his wife
 
 
मध्यप्रदेश के दमोह जिले के पथरिया से बीजेपी की पूर्व विधायक रहीं सोना बाई के पति का दर्द इस तरह छलका की अब वे दो वक्त की रोटी के लिए मोहताज हो गए। किसी दुर्घटना में उनका एक पैर खराब हो गया। पहले वे ठेकेदारी करके भरण पोषण कर लेते थे, लेकिन अब शारीरिक रूप से लाचार पति सेवकराम ने कुटुम्ब न्यायालय में गुहार लगाते हुए अपनी पत्नी पूर्व विधायक सोना बाई से गुजारा भत्ते की मांग की है। 
 
आपको बता दें कि सेवकराम ने पत्नी सोना बाई के लिए कहा है कि उनकी पत्नी राजनीति में आना चाहती थीं, जिसके लिए उन्होंने मेहनत की और टिकिट भी दिलवा दिया। वे चुनाव जीत गईं थीं, लेकिन नेता बनते ही जब वे बड़े-बड़े नेताओं के संपर्क में आईं, तो उन्हें मेरे साथ रहने में शर्म आने लगी। दुर्घटना में एक पैर खराब हो गया। जिसके कारण पत्नी भी साथ छोड़कर चली गई। 
 

1993 में हुई थी शादी 

सेवकराम अहिरवार और सोना बाई की शादी साल 1993 में हुई थी। सेवकराम ने बताया कि शादी के बाद दोनों खुश थे। तभी पत्नी सोना राजनीति में आने की बात करने लगी। उन्होंने उसका साथ दिया। 2003 में सोना बाई ने बीजेपी के टिकट से विधायक का चुनाव लड़ा और वह जीत गई। 2008 तक विधायक के पद में रहते हुए सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन 2009 में सोना बाई ने उन्हें अपमानित करना शुरू कर दिया और फिर कलह करते-करते उन्हें छोड़ भी दिया। भले ही सोना बाई पति को छोड़कर चली गई हों, लेकिन अभी तक दोनों का तलाक नहीं हुआ है। 
 

दिव्यांग पति को पत्नी से है आस

 
सेवकराम ने बताया कि 2016 में एक दुर्घटना के दौरान उनका एक पैर खराब हो गया। जिसके बाद वे मजदूरी करने में भी असमर्थ हो चुके हैं। वकील नितिन मिश्रा के अनुसार सेवकराम को जीवन यापन करने के लिए भरण पोषण की आवश्यकता है। जिसके चलते उन्होंने पत्नी सोना बाई की पेंशन से 25 हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाने की मांग की है। 

 

कोर्ट के नोटिस पर देंगे जवाब 

सोना बाई ने कहा है कि वे इस मामले में अदालत से नोटिस मिलने के बाद ही प्रतिक्रिया देंगी। उनके तीन बेटे — सौरव, नीरज और प्रवीण — हैं, जो सभी उनके साथ रहते हैं। इनमें से एक बेटा डॉक्टर है और मकरोनिया के सरकारी अस्पताल में कार्यरत है। सोना बाई वर्तमान में बीजेपी की सदस्य हैं, हालांकि उनके पास कोई पद नहीं है।