मॉस्को एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला, भारतीय डेलिगेट का विमान हवा में फंसा रहा
ड्रोन हमले के कारण मॉस्को एयरपोर्ट पर विमान परिचालन काफी समय तक बाधित रहा।

रूस की राजधानी मॉस्को में एक गंभीर ड्रोन हमले की खबर आई है, जिसे यूक्रेन द्वारा किए जाने का संदेह जताया जा रहा है। इस हमले के कारण मॉस्को एयरपोर्ट पर विमान परिचालन काफी समय तक बाधित रहा। मॉस्को के मेयर और नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने कई फ्लाइट्स में व्यवधान होने की पुष्टि की है। वहीं, रूस की यात्रा पर गए भारतीय प्रतिनिधिमंडल की फ्लाइट भी मॉस्को एयरपोर्ट के आसपास लंबे समय तक हवा में घूमती रही, जिसमें डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि भी शामिल थीं। हालांकि बाद में उनका विमान सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट पर उतरा। रूसी अधिकारियों के अनुसार, आधी रात के समय मॉस्को की ओर उड़ रहे 23 ड्रोन को हवा में ही मार गिराया गया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने टेलीग्राम पर बताया कि आपातकालीन सेवा विशेषज्ञ मलबे को हटाने का काम कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान मॉस्को एयरपोर्ट पर अफरातफरी मची हुई थी और डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल को काफी देर तक विमान में चक्कर लगाने पड़े। थांथी टीवी की रिपोर्ट में बताया गया कि ड्रोन हमले के कारण विमानों की लैंडिंग नहीं हो पाई, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को कुछ घंटों के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।
मॉस्को एयरपोर्ट पर यूक्रेन का ड्रोन हमला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई घंटों बाद भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का विमान, जिसमें वे यात्रा कर रहे थे, सुरक्षित रूप से मॉस्को एयरपोर्ट पर उतर पाया। यह प्रतिनिधिमंडल, जो पाकिस्तान और आतंकवाद के नेक्सस के बारे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को जागरूक करने के लिए विभिन्न देशों की यात्रा कर रहा है, सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में मॉस्को पहुंचा है।
मॉस्को के मेयर के अनुसार, यह ड्रोन हमला शहर की तरफ 27 ड्रोन लॉन्च किए जाने के एक दिन बाद हुआ। कीव ने रविवार को दावा किया कि रूस ने यूक्रेन के खिलाफ रिकॉर्ड संख्या में ड्रोन तैनात किए हैं। यूक्रेन और रूस के बीच तीन साल से ज्यादा समय से युद्ध जारी है, जो अब तक निर्णायक मोड़ पर नहीं पहुंचा है। यूक्रेन अक्सर रूस के विभिन्न इलाकों पर ड्रोन हमले करता रहता है, हालांकि इसका रूस पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।
रूस के विमानन प्राधिकरण रोसावियात्सिया ने बताया कि गुरुवार को मॉस्को के कई एयरपोर्ट्स पर उड़ानें रोक दी गई थीं। रोसावियात्सिया ने टेलीग्राम पर जानकारी दी कि शेरेमेत्येवो, वनुकोवो, डोमोडेडोवो और ज़ुकोवस्की एयरपोर्ट्स पर विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ़ रोकी गई थी।
इस बीच, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कीव और पश्चिमी देशों द्वारा युद्ध विराम की तत्काल और बिना शर्त अपील को बार-बार ठुकराया है। फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से रूस ने यूक्रेन के 20 प्रतिशत से अधिक इलाकों पर कब्जा कर लिया है और अब वह कुछ और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहरों पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।