रामनवमी पर सुलग उठे दो राज्य, प. बंगाल के तीन शहरों में हिंसा... कर्नाटक में नारों पर बवाल
रामनवमी पर पश्चिम बंगाल के 3 शहरों में हिंसक झड़पों के समाचार मिले हैं। मुर्शिदाबाद, मिदनापुर में जहां रामनवमी जुलूस पर पथराव के बाद हिंसा भड़क उठी, वहीं नंदीग्राम में कुछ लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता पर हमला कर उसे जलाने का प्रयास किया।
 
                                    रामनवमी पर पश्चिम बंगाल के 3 शहरों में हिंसक झड़पों के समाचार मिले हैं। मुर्शिदाबाद, मिदनापुर में जहां रामनवमी जुलूस पर पथराव के बाद हिंसा भड़क उठी, वहीं नंदीग्राम में कुछ लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता पर हमला कर उसे जलाने का प्रयास किया। उधर कर्नाटक के बेंगलुरु में नारों को लेकर हुए  विवाद के बाद तीन लोगों की जमकर पिटाई कर दी गई।
मुर्शिदाबाद के शक्तिपुर इलाके में रामनवमी की शोभायात्रा निकल रही थी, तभी शोभायात्रा पर कुछ घरों से पत्थर बरसाए गए। इस खबर के फैलते ही पूरे शहर में तनाव  हो गया और दो समुदायों के लोग एक-दूसरे पर पथराव करते हुए आगजनी करने लगे। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। पुलिस के लाठीचार्ज में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना के बाद आज सुबह से ही मुर्शिदाबाद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करते हुए धारा 144 लागू कर दी गई है। उधर बंगाल के ही मिदनापुर में भी शोभायात्रा के दौरान हिंसक झड़प के समाचार मिले। यहां भी रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान कुछ स्थानों पर पथराव की घटना हुई, जिसके बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पथराव में 4 लोग घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। उधर नंदीग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जुलूस निकाला जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने भाजपा कार्यालय पर हमला कर एक कार्यकर्ता को जलाने का प्रयास किया। हिंसा के लिए भाजपा  नेता शुभेन्दु अधिकारी ने ममता बनर्जी और उनके भड़काऊ भाषण को जिम्मेदार ठहराया। उधर कर्नाटक के बेंगलुरु में नारों को लेकर विवाद हो गया। यहां पवन, राहुल और विनायक  एक कार से जय श्रीराम के नारे लगाते हुए जा रहे थे, तभी फरमान और समीर नामक युवक उनके पास आए और उनसे श्रीराम की जगह अल्लाह हो अकबर नारे लगाने को कहा। ऐसा नहीं करने पर तीनों की जमकर पिटाई कर दी।                        
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            