लोकसभा चुनाव:102 सीटों पर मतदान जारी
दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक महोत्सव की शुरुआत आज हो गई है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों पर आज मतदान चल रहा है।
 
                                    पश्चिम बंगाल में हिंसा की छिटपुट घटनाएं, उत्तर प्रदेश में लगे बूथ कैप्चरिंग के आरोप
दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक महोत्सव की शुरुआत आज हो गई है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों पर आज मतदान चल रहा है। कुल संसदीय क्षेत्रों के 19 फीसदी सीटों पर मतदान जारी है। 44 दिनों की लोकतांत्रिक यात्रा एक जून तक चलेगी। चार जून को नतीजे घोषित होंगे। पहले चरण में जिन 102 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें तमिलनाडु की सभी 39 सीटें, राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की आठ, मध्य प्रदेश की छह, उत्तराखंड की सभी पांच, महाराष्ट्र की पांच, असम और बिहार की चार-चार, पश्चिम बंगाल की तीन, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश की दो-दो, छत्तीसगढ़, मिजोरम और त्रिपुरा की एक-एक सीट शामिल है। इन 102 सीटों पर दोपहर तक मतदान की स्थिति सामान्य रही। कहीं कम, कहीं ज्यादा मतदान के साथ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का भरपूर इस्तेमाल किया। वहीं पश्चिम बंगाल में हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आईं हैं तो उत्तर प्रदेश में लगे बूथ कैप्चरिंग के आरोप भी लगे हैं। बाकि जगहों पर स्थिति सामान्य रही।
मणिपुर में पांच मतदान केंद्रों पर रोका गया मतदान
 
मणिपुर में लोगों द्वारा अनियमितताओं का आरोप लगाने पर हुए हंगामे के बाद कुल 5 बूथों पर मतदान रोक दिया गया है। जिनमें से 2 पूर्वी इंफाल में और 3 पश्चिमी इंफाल में हैं। मतदान अधिकारी ने यह जानकारी दी है। त्रिपुरा में टिपरा मोथा पार्टी के मुखिया प्रद्योत देबबर्मा को त्रिपुरा के सीईओ ने नोटिस भेजा है। प्रद्योत देबबर्मा पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है। गुरुवार को चुनाव प्रचार की समय सीमा खत्म होने के बाद प्रद्योत देबबर्मा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर एक समुदाय विशेष से पार्टी विशेष को वोट करने की अपील की। त्रिपुरा सीईओ ने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए नोटिस जारी किया है।
पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने घर से किया मतदान-
पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने पुणे में अपने घर से मतदान किया। 90 वर्षीय प्रतिभा पाटिल बीते कई दिनों से बीमार हैं। इस वजह से उन्होंने घर से ही वोट करने की सुविधा का लाभ उठाते हुए मतदान किया।
टीएमसी की आंखों में हारने का डर दिख रहा-
केंद्रीय मंत्री और कूचबिहार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार निसिथ प्रमाणिक ने कहा, लोग बूथ तक न जा पाएं, इसका प्रयास टीएमसी कर रही है। टीएमसी की आंखों में हारने का डर दिख रहा है...लोग टीएमसी के गुंडों का विरोध करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। लोग निश्चित रूप से हिंसा का जवाब अपने वोट के माध्यम से देंगे।
2019 में 69.96 फीसद हुआ था मतदान-
2019 के लोकसभा चुनाव में इन 102 सीटों पर कुल 69.96 फीसदी मतदान हुआ था। इन सीटों में सबसे ज्यादा मतदान अरुणाचल प्रदेश की अरुणाचल पूर्व सीट पर हुआ था। यहां के 87.03 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। वहीं, सबसे कम मतदान बिहार की नवादा सीट पर हुआ था। यहां के महज 49.73 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला था।
उत्तराखंड:मतदाता ने तोड़ी ईवीएम मशीन, कहा-बैलेट पेपर से चुनाव कराओ-
 
उत्तराखंड में पांच लोकसभा सीटों पर शुक्रवार सुबह सात बजे से मतदान हो रहे है। लोग अपने मतों का प्रोयग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इस बीच हिंसा और तोड़फोड़ की खबरें सामने आई हैं। हरिद्वार लोकसभा सीट पर मतदाता द्वारा ईवीएम मशीन तोड़ने की घटना सामने आई है। हरिद्वार विधानसभा के मतदान केंद्र 126 ज्वालापुर इंटर कॉलेज में एक मतदाता ने ईवीएम मशीन तोड़ दी है। मतदाता ने ईवीएम मशीन का विरोध करते हुए पोलिंग बूथ पर रखी मशीन को नीचे पटक दिया। उसने चिल्लाते हुए कहा कि हम ईवीएम मशीन का विरोध करते हैं। उसने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराओ। फिलहाल पुलिस ने मतदाता को हिरासत में ले लिया है। ईवीएम मशीन टूट गई, लेकिन बाद में उसे चालू किया गया। मतदाता की इस हरकत से मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाहर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मतदाता को पकड़कर रेल चौकी ले गए, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            