चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी में बड़ा बदलाव, धोनी की जगह ऋतुराज करेंगे कप्तानी
चेन्नई सुपर किंग प्रबंधन ने सीजन की शुरुआत के पहले बड़ा फेर बदल करते हुए कैप्टन कूल धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड को कप्तानी सोंपी है।
 
                                    चेन्नई सुपर किंग प्रबंधन ने सीजन की शुरुआत के पहले बड़ा फेर बदल करते हुए कैप्टन कूल धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड को कप्तानी सोंपी है।
आईपीएल 2024 की शुरूआत में अब कुछ ही वक़्त बचा है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने टीम की कप्तानी में बड़ा बदलाव किया है। टीम के इस नए कप्तान को आईपीएल के आगाज से ठीक पहले यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। महेंद्र सिंह धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड़ को टीम का नया कप्तान बनाया गया है। आईपीएल ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इसकी बात की जानकारी दी।
चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस को आईपीएल के 17वें सीजन से पहले तगड़ा झटका लगा है। 22 मार्च को सीएसके अपना पहला मुकाबला आरसीबी के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। धोनी के नेतृत्व में टीम ने पिछले सीजन में गुजरात जाएंट्स को फाइनल में करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया था।
पहली बार नहीं जब बदली गई हो कप्तानी-
टीम को पांच बार आईपीएल का खिताब जिताने वाले महेंद्र सिंह धोनी इस बार आगामी सीजन में टीम की कप्तानी करते नजर नहीं आएंगे। यह पहली बार नहीं है जब धोनी को इस जिम्मेदारी से हटाया गया है। टीम मैनेजमेंट ने आईपीएल 2022 में भी कप्तानी में बदलाव किया था। धोनी की जगह स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को कप्तान बनाया गया था। हालांकि, वह इस जिम्मेदारी का निर्वाहन ठीक ढंग से नहीं कर पाए थे और लीग मैचों में टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा था, जिसकी वजह से उन्होंने टीम का साथ बीच सीजन में ही छोड़ दिया था और कप्तानी से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद धोनी ने एक बार फिर कप्तानी संभाली थी।
आईपीएल के इस सीजन के लिए हुए कप्तानों के फोटोशूट में धोनी नहीं पहुंचे, और उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को वह देखा गया, इसके बाद से ही टीम की कप्तानी में बदलाव के कयास लगाए जा रहे थे। आईपीएल ने अपने आधिकारिक पोस्ट में इस बात की पुष्टि कर दी कि धोनी की जगह अब चेन्नई सुपर किंग्स का नेतृत्व ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे। वहीं, पंजाब किंग्स ने भी आईपीएल के आगामी सीजन से पहले बड़ा फैसला लेते हुए जितेश शर्मा को टीम का उप-कप्तान बनाया है। उन्हें शिखर धवन की जगह कप्तानों के साथ फोटोशूट कराते देखा गया।
धोनी का हो सकता है आखरी सीजन-
महेंद्र सिंह धोनी अपने आईपीएल करियर का आखिरी सीजन खेलते नजर आ सकते हैं। अचानक हुए इस बदलाव के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि वह इस सीजन के बाद आईपीएल से संन्यास की घोषणा कर सकते हैं। 42 वर्षीय खिलाड़ी ने 212 मैचों में चेन्नई की कप्तानी संभाली है। उनके अलावा सुरेश रैना ने पांच मैचों में और रवींद्र जडेजा ने आठ मुकाबलों में टीम का नेतृत्व किया है।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            