UPDATE: जबलपुर जिले में दोपहर 5 बजे तक लगभग 56.74 प्रतिशत मतदान
दुनिया की अभूतपूर्व डेमोक्रेसी की सबसे बड़ी नजीर माने जाने वाले भारत देश के लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान आज जबलपुर से शुरू हुआ।
बालाघाट सीट पर सबसे ज्यादा 63.69 % तो सीधी में सबसे कम 40.60 % वोट पड़े
मतदान की स्थिति...
बालाघाट सीट : 63.69 %
छिंदवाड़ा सीट : 62.57 %
जबलपुर सीट : 48.03 %
मंडला सीट : 58.28 %
शहडोल सीट : 48.64 %
सीधी सीट : 40.60 %
दोपहर 5 बजे तक लगभग 56.74 प्रतिशत मतदान
 
जबलपुर में तीन बजे तक 48.03 प्रतिशत मतदान
 
एक बजे तक 39.63 प्रतिशत मतदान
 
दुनिया की अभूतपूर्व डेमोक्रेसी की सबसे बड़ी नजीर माने जाने वाले भारत देश के लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान आज जबलपुर से शुरू हुआ। आज लोकतंत्र का शुक्रवार है और हम ये शुक्र मना सकते हैं कि जिसे हम चाहते हैं, उसे चुन सकते हैं। पूरे जिले में मतदान जारी है। बुजुर्ग, युवा, महिला और पुरूष सभी इस महायज्ञ में अपनी आहुति दे रहे हैं।
 
जिले में मतदाता विकास के नए उजालों की इबारत लिखने के लिये लोकतंत्र की स्याही से अपनी अंगुली रंग रहे हैं। युवा मतदाताओं का जोश अभूतपूर्व है और वोटर भी लम्बी-लम्बी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। शहर और ग्रामीण इलाकों में वोटिंग का सिलसिला शान्तिपूर्वक चल रहा है। उल्लेखनीय है कि जबलपुर में भाजपा के आशीष दुबे व कांग्रेस के दिनेश यादव के मध्य मुख्य मुकाबला है। देश में पहले चरण के मतदान साथ जबलपुर में भी वोटिंग हो रही है।
 
-ऐसे समझें सीटों का गणित
जबलपुर-
जबलपुर लोकसभा सीट 1996 से आज तक भाजपा के पास है। इस बार भाजपा ने नए चेहरे पर दांव खेला है। चार बार के सांसद राकेश सिंह विधानसभा चुनाव में जीतकर मंत्री बन गए, इसके बाद भाजपा ने आशीष दुबे को मौका दिया। उनका मुकाबला दिनेश यादव से हो रहा है।
 
छिंदवाड़ा-
पहले चरण के मतदान जिन 6 सीटों पर वोटिंग चल रही है उनमें सबसे हॉट सीट छिंदवाड़ा है। यह एक मात्र सीट ऐसी है जिसे भाजपा अब तक नहीं जीत पाई है और कांग्रेस ने इस सीट को बचाने में जोर लगा दिया है। इसी सीट पर प्रचार करने के लिए अमित शाह ने छिंदवाड़ा में रोड शो किया था। यहां से भाजपा के बंटी साहू उम्मीदवार हैं। वहीं कांग्रेस के वर्तमान सांसद नकुलनाथ दोबारा से प्रत्याशी बनाए गए हैं।
बालाघाट-
आदिवासी बहुल सीट बालाघाट में त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति है। यहां भाजपा से भारती पारधी तो कांग्रेस से सम्राट सारस्वर चुनावी मैदान में हैं। बसपा ने पूर्व सांसद कंकर मुंजारे को प्रत्याशी बनाया है।
सीधी-
विंध्य क्षेत्र की सीधी सीट पर भाजपा ने इस बार डा. राजेश मिश्रा को उतारा है। जबकि कांग्रेस ने कमलेश्वर पटेल अवसर दिया है। साल 2019 में रीति पाठक को बंपर जीत मिली थी और कांग्रेस के अजय सिंह राहुल को हार का सामना करना पड़ा था।
शहडोल-
शहडोल लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने पुष्पराजगढ़ से कांग्रेस के फुंदेलाल सिंह मार्को को चुनावी मैदान में उतारा है तो भाजपा ने वर्तमान सांसद हिमाद्री सिंह पर दोबारा भरोसा जताया है। शहडोल में भाजपा-कांग्रेस के बीच ही मुख्य मुकाबला है।
मंडला-
मंडला लोकसभा सीट पर भाजपा ने वर्तमान सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को चुनावी मैदान में उतारा है तो वहीं कांग्रेस ने ओमकार सिंह मरकाम को टिकट दिया है। इस सीट से भाजपा उम्मीदवार को जीत मिलती रही है।
मतदान केंद्र की फोटो वायरल करने पर पीठासीन अधिकारी को कलेक्टर ने किया निलंबित-
 
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सक्सेना ने पनागर विधानसभा के मतदान केन्द्र क्रमांक 173 के पीठासीन अधिकारी रतन कुमार, चार्ज मेन व्हीकल फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। रतन कुमार द्वारा मतदान केन्द्र के भीतर के फोटो खिंचवाकर अपने मोबाइल फ़ोन नम्बर ***51973 से वाटसअप ग्रुप महर्षि वाल्मीकि एकता क्लब में पोस्ट किये गये हैं। शिकायत प्राप्त होने पर जाँच कराई गई। सेक्टर अधिकारी हेमंत अमहिया द्वारा मोबाइल फ़ोन ज़ब्त कर शिकायत सही होने की पुष्टि की गई । मतदान केन्द्र के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर लगाये गये प्रतिबंध का उल्लंघन करने के लिये पीठासीन अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है तथा मतदान अधिकारी क्रमांक-1 को पीठासीन अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है ।
शिवनगर में आधे घंटे बाधित रहा मतदान-
शहर के शिव नगर मतदान केंद्र की अशोक हाल में आधे घंटे मतदान बाधित रहा। यहां पर लोगों ने मतदान करने के लिए सुबह से ही लाइन लगाकर खड़े हो गए थे लेकिन मशीन की खराबी के चलते यहां करीब आधे घंटे मतदान बातचीत रहा। बाद में स्थिति सुधर गई। ज्यादातर लोग यहां सुबह-सुबह जो आए हुए थे वह कुछ तो वापस चले गए कुछ लोग इंतजार कर रहे थे। हालांकि यहां आस-पास के अन्य मतदान केदो में अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                         
                         
                         
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            