संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का पुण्य स्मरण
भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती शहर में धूमधाम के साथ मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम तहसीली चौक पर स्थित बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष आयोजित किया गया।
 
                                    135 वीं जयंती पर गूंज उठे समानता और समरसता के नारे
जबलपुर/- भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती शहर में धूमधाम के साथ मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम तहसीली चौक पर स्थित बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस भाजपा के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने पहुंचकर भारत रत्न और संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा है कि भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर ने देश में समानता और समृद्धि के लिए ही संविधान का निर्माण किया है।
पूरे दिन लग रहा भाजपा नेताओं का जमावड़ा -
भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को भव्य रूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने निर्देश दिए थे, इसी का परिणाम है कि भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए, इसके पहले बस्ती चलो अभियान के माध्यम से भी भारतीय जनता पार्टी ने दलित वोट बैंक को साधने की कोशिश की। 135वीं जन्म जयंती की पूर्व संध्या पर नगर भाजपा ने तहसीली चौक पर पहुंचकर भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का नर्मदा जल से अभिषेक भी किया था।
 
समरसता और समानता के गूंजे नारे -
संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पूरे दिन सियासी दलों से लेकर सामाजिक संगठनों और अनेक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं से लेकर पदाधिकारी पहुंचे और डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा है कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने संविधान के जरिए देश में समानता और समरसता का संदेश दिया और उसी को आत्मसात करते हुए उनके द्वारा कार्य किया जा रहे हैं और देश की एकता और समृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
जबलपुर के सांसद आशीष दुबे और राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि ने किया माल्यार्पण -
प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण करने पहुंचे जबलपुर के सांसद आशीष दुबे और राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मिक सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि डॉ भीमराव अंबेडकर ने संविधान के जरिए समृद्ध भारत की परिकल्पना की थी और वर्तमान की मोदी सरकार इसी दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा है कि भारत की आत्मा संविधान में बसती है और संविधान की हिफाजत के लिए सरकार के द्वारा अनेक क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं जिसके चलते देश में बदलाव नजर आ रहा है।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            