मुंबई में एक टिकट से होगा पूरा सफर
बई में जल्द ही लोग एक ही टिकट से लोकल ट्रेन, बेस्ट, एसटी बस, मोनो रेल और मेट्रो का सफर कर सकेंगे। शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पहल के बारे में जानकारी दी
 
                                     
मुंबई में जल्द ही लोग एक ही टिकट से लोकल ट्रेन, बेस्ट, एसटी बस, मोनो रेल और मेट्रो का सफर कर सकेंगे। शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पहल के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री फडणवीस और केंद्रीय रेल मंत्री वैष्णव के नेतृत्व में मुंबई में एकीकृत टिकटिंग सेवा प्रणाली पर बैठक हुई, जिसमें मित्रा के सीईओ प्रवीण सिंह परदेशी, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी, और रेलवे व मेट्रो अधिकारियों ने हिस्सा लिया। 
इस प्रणाली के लागू होने से मुंबईवासियों के सफर में आसानी होगी और उनका समय बच सकेगा। इसके साथ ही मुंबई उन शहरों में शामिल हो जाएगा, जहां एक ही टिकट से विभिन्न परिवहन सेवाओं का उपयोग संभव होगा। पीएम मोदी भी इस प्रकार की एकीकृत परिवहन व्यवस्था और एक टिकट प्रणाली के समर्थक रहे हैं।
फायदों की लगी बहार
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि लोकल ट्रेन मुंबई की जीवन रेखा है और एकीकृत सेवा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी तेज और सरल हो जाएगी। इस पहल से न केवल राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि सार्वजनिक परिवहन का उपयोग भी बढ़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि तकनीकी सुविधाओं का उपयोग कर इस प्रणाली को टैक्सी और अन्य सेवाओं के साथ जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। 
इस परियोजना के अंतर्गत यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी परिवहन सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह भी कहा कि इससे यात्रा करना सरल होगा, यात्रियों का समय बच सकेगा और परिवहन प्रणाली में आने वाली रुकावटों को कम किया जाएगा।
मुंबई में बुनियादी ढांचे का विकास है जारी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जो एक छोर से दूसरे छोर तक तेज और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को एकल गतिशीलता मंच पर लाया जाए, और इस दिशा में मुंबई में बुनियादी ढांचे का विकास जारी है। इस पहल से यात्रियों को केवल 300 से 500 मीटर पैदल चलकर सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वर्तमान में मुंबई में 3,500 लोकल सेवाएं चल रही हैं, और रेलवे आगामी समय में 300 और लोकल सेवाएं शुरू करने के लिए 17,107 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।                        
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            