महाराष्ट्र चुनाव:वोटिंग ने पकड़ी रफ्तार, 3 बजे तक मतदान 45 प्रतिशत पार
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। इन चुनाव में सत्तारूढ़ 'महायुति' गठबंधन सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है तो विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) को सत्ता में वापसी की उम्मीद है।
 
                                    गढ़चिरौली में सबसे ज्यादा 62.99 और ठाणे में सबसे कम 38.94 फीसदी मतदान
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। इस चुनाव में सत्ताधारी 'महायुति' गठबंधन अपनी सत्ता बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, जबकि विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) सत्ता में लौटने की उम्मीद लगाए हुए है। सभी 288 विधानसभा सीट पर मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। महाराष्ट्र में तीन बजे तक 45.53 फीसदी मतदान हुआ है। यहां गढ़चिरौली में सबसे ज्यादा 62.99 और सबसे कम ठाणे में 38.94 फीसदी मतदान हुआ है।
मतदान बूथों तक पहुंचे सितारे-
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में उद्योगपति मुकेश अंबानी ने मतदान किया। उनके साथ बेटे अनंत अंबानी और आकाश अंबानी मौजूद रहे। बहू श्लोका मेहता ने भी वोट डाला। महाराष्ट्र में हो रहे विधानसभा चुनाव में फिल्मी सितारे मतदान करने पहुंच रहे हैं। गीतकार जावेद अख्तर, अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, डिजाइनर मनीष मल्होत्रा, गायक राहुल वैद्य और उनकी पत्नी दिशा परमार, गायक शंकर महादेवन, निर्देशक रोहित शेट्टी, ट्ंिवकल खन्ना, अर्जुन कपूर, ईशा कोप्पिकर, रणबीर कपूर ने मतदान किया।
लाड़की बहिन योजना का असर दिखा:शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे ने कहा कि बहुत अच्छा माहौल है। लोग बाहर निकलकर मतदान कर रहे हैं। जिस तरह विकास का काम हुआ है, जिस तरह योजनाएं लाई गई हैं। लोग उत्साहित हैं। लाड़की बहिन योजना का असर बहुत ज्यादा है।
कम वोटिंग चिंताजनक:राज ठाकरे
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को अपने बेटे अमित के लिए वोट डाला, जो मुंबई की माहिम विधानसभा सीट से अपने चुनावी मैदान में उतरे हैं।ठाकरे ने बाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले पांच वर्षों में मत प्रतिशत कम रहा है और उन्होंने मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घरों से निकलने का आग्रह किया।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            