एमपी पुलिस महानिदेशक अपनी टीम के प्रदर्शन से हुए निराश, सेवा पदक समारोह में आईजी, डीआईजी, एसपी ने नहीं दिखाया कमाल 

मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा अपनी टीम के प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं।

Apr 25, 2025 - 16:02
 19
एमपी पुलिस महानिदेशक अपनी टीम के प्रदर्शन से हुए निराश, सेवा पदक समारोह में आईजी, डीआईजी, एसपी ने नहीं दिखाया कमाल 
MP Director General of Police disappointed with the performance of his team

मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा अपनी टीम के प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने उत्कृष्ट और अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन तो किया है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर काम कर रहे कई अधिकारी, जैसे एसपी और थाना प्रभारी, अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए। वहीं, आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी भी ऐसा कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं कर सके जिससे पुलिस व्यवस्था में कोई विशेष सुधार नजर आए।

वर्ष 2024 के लिए पुलिस मुख्यालय ने 227 अधिकारियों और कर्मचारियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक और 168 को उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित किया है। हालांकि, इन पुरस्कारों में मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मियों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। वहीं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, सत्येंद्र कुमार शुक्ला, संजय कुमार और सुशांत कुमार सक्सेना को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

किसी भी जिले के पुलिस कप्तान नहीं कर पाए कमाल 

पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) की डीजीपी डिस्क लिस्ट से साफ है कि मध्यप्रदेश के किसी भी जिले के पुलिस कप्तान, आईजी, डीआईजी, डीएसपी या टीआई स्तर के अधिकारियों ने ऐसा कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया, जिससे पुलिसिंग में कोई बड़ा सुधार या बदलाव नजर आए। यानी किसी ने भी ऐसा नवाचार नहीं किया जो पुलिस के काम को अधिक प्रभावी और बेहतर बना सके।

अच्छा काम करने वालों में ये हैं शामिल


हालांकि कुछ अधिकारियों ने उत्कृष्ट कार्य किया है, खासकर अनसुलझे मामलों को सुलझाने में। छिंदवाड़ा जिले की डीएसपी प्रियंका पांडेय और मंदसौर जिले के टीआई अमित सोनी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और डिस्क के लिए चयनित किया गया है। इसके अतिरिक्त, डीजीपी ने तत्कालीन एसपी डायल 100 भोपाल (वर्तमान में सहायक महानिरीक्षक विधि पीएचक्यू) बीना सिंह, नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा थाने की उपनिरीक्षक मनीषा लिल्हारे और पुलिस लाइन कटनी में कार्यरत कार्यवाहक निरीक्षक मंजू शर्मा को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

6 वाहन चालक भी होंगे सम्मानित 


पीएचक्यू की सूची में 6 ऐसे वाहन चालकों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने लगातार 15 वर्षों तक बिना किसी दुर्घटना के सुरक्षित वाहन संचालन किया है। उन्हें इस उपलब्धि के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, 15 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड रखने वाले और उत्कृष्ट कार्य करने वाले डीएसपी से लेकर आरक्षक स्तर तक के कुल 45 पुलिस कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र और डिस्क से सम्मानित किया जाएगा।

उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए हैं इनके नाम 


उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए जिन अधिकारियों का चयन किया गया है, उनमें आईजी बालाघाट जोन संजय कुमार, आईजी चंबल सुशांत कुमार सक्सेना, आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष, एसपी लोकायुक्त सागर योगेश्वर शर्मा, एसपी लोकायुक्त उज्जैन अनिल कुमार विश्वकर्मा, भोपाल के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) शैलेंद्र सिंह चौहान, डीएसपी ग्वालियर राजेंद्र कुमार खांगर, डीएसपी खरगोन रामलाल शहिदे, डीएसपी इंदौर ग्रामीण उमाकांत चौधरी और सशस्त्र बल मंडला की 35वीं वाहिनी के सहायक सेनानी महेंद्र रायपुरिया शामिल हैं। इनके अलावा निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के कई कर्मचारियों को भी यह पदक मिलेगा। इन सभी ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया है।