झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना को प्रधानंत्री मोदी ने किया सम्मानित
सिविल सर्विस डे के अवसर पर, झाबुआ की कलेक्टर नेहा मीना को प्रधानमंत्री मोदी के हाथों उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

मध्य प्रदेश के 55 जिलों में से 12 जिलों की जिम्मेदारी अब महिला कलेक्टरों के पास है। यह राज्य के इतिहास में पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में महिला आईएएस अधिकारियों को कलेक्टर का पद सौंपा गया है। आज, सिविल सर्विस डे के अवसर पर, झाबुआ की कलेक्टर नेहा मीना को प्रधानमंत्री मोदी के हाथों उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
झाबुआ की तस्वीर बदलने में नेहा मीना का अहम योगदान है। आदिवासी बाहुल्य होने के बावजूद, झाबुआ को अक्सर पिछड़ा माना जाता था, लेकिन कलेक्टर नेहा मीना ने इस जिले की स्थिति में सुधार लाने के लिए कड़ी मेहनत की। उनके इसी प्रयास के कारण ही उन्हें आईएएस अधिकारियों के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान, पीएम एक्सीलेंस अवॉर्ड, प्रदान किया गया है।
पूरे देश से इस अवॉर्ड के लिए केवल 16 कलेक्टरों का चयन हुआ है, जिनमें से एक कलेक्टर नेहा मीना भी हैं।
कौन हैं आईएएस नेहा मीना?
नेहा मीना 2014 बैच की मध्य प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी हैं और राजस्थान की मूल निवासी हैं। उन्होंने इकोनॉमिक्स में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने नवाचारों के कारण, वे मध्य प्रदेश के प्रशासन में हमेशा चर्चा का विषय रहती हैं। उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें राष्ट्रपति से दो बार सम्मान मिल चुका है। इसके अलावा, नेहा मीना स्कूलों और हॉस्टलों में शिक्षक के रूप में पढ़ाने भी जाती हैं, जिससे वे छात्राओं में काफी लोकप्रिय हैं।