जबलपुर- पत्नी ने घर आने से किया इंकार तो पति ने चाकू से किया वार
हनुमानताल थाना क्षेत्र में साली की चाकू मारकर हत्या और पत्नी पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के आरोपित को मंगलवार की देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
 
                                    हनुमानताल थाना क्षेत्र में साली की चाकू मारकर हत्या और पत्नी पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के आरोपित को मंगलवार की देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक रानीताल निवासी इमरान कबाड़ का काम करता है। उसका पत्नी नाजिया (28) से विवाद चल रहा था। पति की प्रताड़ना से त्रस्त होकर पत्नी सात अप्रैल को अपने हड्डी गोदाम स्थित मायके में रहने के लिए आ गई थी। देर रात को पुलिस ने आरोपित को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
जानिए क्या है मामला-
पति ने कई बार फोन कर पत्नी को घर वापस आने के लिए कहा लेकिन पत्नी ने मना कर दिया। इससे आक्रोशित पति ने सोमवार देर रात को हड्डी गोदाम स्थित पत्नी के मायके में पहुंचा और विवाद करने लगा। इसी दौरान पति ने चाकू निकाला और नाजिया पर हमला कर दिया। नाजिया की चीखने की आवाज सुनकर उसकी बहन आयशा (32) बाहर आई और बीच-बचाव का प्रयास किया। इमरान को रोकना चाहा तो उसने पलटकर आयशा पर ही हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात में गंभीर रूप से घायल नाजिया को मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया। उपचार के बाद उसके स्वास्थ्य में सुधार है।
वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त
मेडिकल अस्पताल में भर्ती नाजिया से मंगलवार देर रात पुलिस ने बयान पंजीबद्ध कराया है। पूछताछ में नाजिया ने बताया कि हमले का आराेपित पति उसे प्रताड़ित करता था। प्रतिदिन विवाद कर मारपीट करता था। उसके अत्याचार से तंग आकर वह मायके में रहने के लिए चली गई। लेकिन वह साथ रहने के लिए दबाव बना रहा था। सोमवार को भी वह आया और साथ में चलने के लिए दबाव बनाने लगा, मना करने पर अपने साथ लाए चाकू को निकाला और एक के बाद कई वार किए। पुलिस ने आरोपित इमरान को गिरफ्तार करने के बाद उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक इमरान ने गुस्से में आकर पत्नी नाजिया पर हमला किया तो उसकी सहायता के लिए आयशा दौड़ी। आयशा ने इमरान को रोकना चाहा। नाजिया को छोड़ने के लिए कहा। इस पर इमरान ने आयशा पर ही हमला कर दिया। उसके सीने में दायीं ओर चाकू से वार किया। हमले में आयशा के हृदय पर चोट हुई। वह तुरंत जमीन में गिर गई। तेजी से रक्त बहने लगा। यह देखते ही आरोपित इमरान मौके से फरार हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही आयशा की मौत हो गई।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            