एक फरवरी को संसद में वित्त मंत्री निर्मला पेश करेंगी बजट
संसद के बजट सत्र की तारीख घोषित कर दी गई है। बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी की तारीख से होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जनवरी को संसद को दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा को संबोधित करेंगी।
 
                                    संसद के बजट सत्र की तारीख घोषित कर दी गई है। बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी की तारीख से होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जनवरी को संसद को दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी देश का केंद्रीय बजट पेश करेंगी।
बजट सत्र के होंगे दो भाग-
लोकसभा सचिवालय की ओर से बजट सत्र को लेकर एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि 18वीं लोकसभा का चौथा सत्र शुक्रवार, 31 जनवरी 2025 को शुरू होगा। सरकारी कामकाज वहीं, इस सत्र के शुक्रवार, 4 अप्रैल, 2025 को समाप्त होने की संभावना है। बता दें कि संसद के बजट सत्र के दो भाग होंगे। बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी 2025 से शुरू होगा और 13 फरवरी 2025 को समाप्त होगा। वहीं, बजट सत्र का दूसरा भाग 10 मार्च 2025 से शुरू होगा और 4 अप्रैल 2025 को समाप्त होगा।
पूरे सत्र में होंगी 27 बैठकें-
31 जनवरी से 13 फरवरी तक बजट सत्र के पहले भाग में कुल 9 बैठकें होंगी। इसमें पीएम मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे। इसके साथ ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पर चर्चा का जवाब देंगी। इसके बाद बजट प्रस्तावों की जांच के लिए संसद अवकाश लेगी। इसके बाद विभिन्न मंत्रालयों की ओर से अनुदान की मांग पर चर्चा करने और बजट की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए संसद दूसरे भाग में 10 मार्च से फिर से बैठक करेगी। इसके बाद सत्र 4 अप्रैल को समाप्त होगा। यानी कि पूरे बजट सत्र में 27 बैठकें होंगी।
30 जनवरी को सर्वदलीय बैठक-
बजट सत्र की शुरुआत से पहले 30 जनवरी 2025 को सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी। इस बारे में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने जानकारी दी। किरण रिजिजू ने बजट सत्र के दौरान सदन में सुचारू रूप से चर्चा के लिए विपक्षी दलों से सहयोग की अपील की है। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने ये भी कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक अच्छा और संतुलित बजट पेश करेंगी।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                                                                                                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            