क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज ने की इंगेजमेंट 

क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज की आज लखनऊ के फाइव स्टार होटल द सेंट्रम में रिंग सेरेमनी आयोजित की गई।

Jun 8, 2025 - 14:18
Jun 8, 2025 - 14:25
 13
क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज ने की इंगेजमेंट 
Cricketer Rinku Singh and MP Priya Saroj got engaged

क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज की आज लखनऊ के फाइव स्टार होटल द सेंट्रम में रिंग सेरेमनी आयोजित की गई। यह कार्यक्रम सितारों से सजा हुआ था। इवेंट में पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार, पीयूष चावला और यूपी रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल जैसे नामचीन खिलाड़ी शामिल हुए। इंगेजमेंट के दौरान प्रिया सरोज का एक वीडियो भी सामने आया है। 

नेताओं ने भी की शिरकत -

इंगेजमेंट कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के नेता प्रोफेसर राम गोपाल, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला सहित अन्य वीआईपी मेहमानों जैसे अखिलेश  जया बच्चन, डिंपल यादव भी मौजूद थे। इसके अलावा क्रिकेटर प्रवीण कुमार भी पहुंचे थे। प्रवीण कुमार ने कपल को बधाई दी। 

प्रिया ने इस खास मौके के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव को विशेष तौर पर आमंत्रित किया था। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और सांसदों को भी बुलाया गया था। जिनमें रामगोपाल यादव और पुष्पेंद्र सरोज जैसे नाम शामिल हैं। 

खास है दोनों की अंगूठियां- 

रिंकू और प्रिया ने एक-दूसरे के लिए खास अंगूठियां मंगवाई थीं। प्रिया ने कोलकाता से एक डिजाइनर रिंग चुनी तो वही रिंकू ने मुंबई से खास अंगूठी मंगवाई। दोनों अंगूठियों की कुल कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है। इवेंट का मेन्यू भी कपल की पसंद को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया। प्रिया ने अपने पसंदीदा बंगाली रसगुल्ले और काजू पनीर रोल को मेन्यू में शामिल करवाया वहीं रिंकू की पसंद की डिशेज़ पनीर टिक्का और मटर मलाई को मेन्यू का हिस्सा बनवाया।

कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम-

कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। महज 300 मेहमानों को ही विशेष पास के जरिए प्रवेश दिया गया, जिसमें बारकोड स्कैनिंग सिस्टम लगाया गया था। होटल के अंदर और बाहर प्राइवेट सिक्योरिटी और पुलिस भी तैनात रही। एक स्पेशल सिक्योरिटी टीम भी अलर्ट मोड पर रही ताकि किसी वीआईपी को कोई परेशानी न हो।